

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,लखनऊ। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। सूचना निदेशक श्री विशाल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक श्री अरविन्द कुमार मिश्र ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का सस्वर पाठ किया गया। अपने संबोधन में अपर निदेशक श्री अरविन्द कुमार मिश्र ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके सत्याग्रह ने पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण संघर्ष का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के स्वच्छता संबंधी विचार आज स्वच्छ भारत मिशन के रूप में साकार हो रहे हैं।श्री मिश्र ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को जन्म लेने वाली दोनों महान विभूतियों ने देश को नई दिशा दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से गांधीजी के सत्य-अहिंसा तथा शास्त्रीजी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनी कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, उपनिदेशक अनुराग प्रसाद, आत्रेय मिश्रा, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, चन्द्र मोहन, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, सीएल सिंह, प्रभात श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
