आजमगढ़ विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समीक्षा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं शुद्धिकरण, लंबित प्रपत्रों के निस्तारण, बीएलओ की सक्रियता, मतदान केंद्रों पर Assured Minimum Facilities (AMF), ईवीएम की First Level Checking (FLC), निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों की उपलब्धता समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा नाम-पते में संशोधन से संबंधित लंबित प्रपत्रों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने तथा मृत, अपात्र एवं स्थानांतरित मतदाताओं के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ की तैनाती और सक्रियता का पुनः सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। स्थानांतरित, सेवानिवृत्त या अन्य कारणों से कार्यमुक्त बीएलओ के स्थान पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा बीएलओ द्वारा अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण सुनिश्चित कराने को कहा गया।मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश, फर्नीचर सहित अन्य न्यूनतम सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर कमियों को समय से दूर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान केंद्रों के भवन, पहुंच मार्ग, प्रवेश-निकास और अन्य व्यवस्थाओं का पुनः निरीक्षण करने को कहा गया।निर्वाचन के मद्देनजर ईवीएम की First Level Checking (FLC) की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। एफएलसी स्थल, सुरक्षा, प्रवेश-निकास, कार्मिक, तकनीकी संसाधन, बिजली, प्रकाश, इंटरनेट और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों की उपलब्धता, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण, निगरानी व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी संभावित अनियमितता की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दें तथा आवश्यक गतिविधियों की नियमानुसार वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और अभिलेखीकरण सुनिश्चित करें।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियां बहु-विभागीय कार्य हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक जिम्मेदारी का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), समस्त उप जिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), अधिशासी अधिकारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *