

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी सदर के जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष और तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने भारत माता की निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि उन्हें अटल जी के साथ कई अवसरों पर कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ और उनके जैसा महान व्यक्तित्व उन्हें आज तक कहीं और देखने को नहीं मिला। भाजपा उनके जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाती है। अटल जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित कर दिया और वे हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।
