

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “आपरेशन सड़क पर सुरूर” अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने नशेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 23 दिसंबर को सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले कुल 406 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। यह अभियान शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण) एवं समस्त क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करना भी है। अभियान के दौरान नशा करने वालों को इससे होने वाली आर्थिक, शारीरिक व सामाजिक हानि, पारिवारिक नुकसान तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका के बारे में समझाया गया और भविष्य में नशा न करने के लिए कहा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशे के कारण कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों, महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा में बाधा बनने वालों तथा सड़क दुर्घटनाओं की वजह बनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे हॉट स्पॉट्स को चिन्हित कर प्रभावी एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
