

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के थाना गंभीरपुर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार स्वयं उपस्थित रहे और आमजन की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान थाना गंभीरपुर में प्राप्त कुल प्रार्थना पत्रों में से 50 प्रतिशत से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित पाए गए, जिनके त्वरित समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान की प्रक्रिया अपनाई गई। पुलिस-प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जनसामान्य की शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए इसी प्रकार सक्रिय एवं संवेदनशील रवैया अपनाया जाएगा।
