


गौरव श्रीवास्तव /अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस ने पैतृक जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को बेलाइसा के पास स्थित नीबी कॉलोनी से पकड़ा गया। आपको बता दे की 8 जनवरी 2026 को अरुण कुमार राय, सुशील राय, बृजेश राय, नीरज राय और अश्विन राय ने थाना कंधरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अवनीश राय और उनकी पत्नी नूतन राय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और पैतृक भूमि से जुड़े दस्तावेजों में धोखाधड़ी कर संपत्ति को छलपूर्वक बेच दिया। आरोप है कि परिवार के एक सदस्य की बीमार और असहाय स्थिति का फायदा उठाकर जमीन का सौदा किया गया तथा विरोध करने पर वादी पक्ष को धमकाया भी गया। तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 10/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार कर रहे थे। बुधवार को पुलिस टीम अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े वांछित अवनीश राय और नूतन राय बेलाइसा के पास नीबी कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
