




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अवैध मदरसों की जांच में सामने आए फर्जीवाड़े के एक बड़े मामले में कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मदरसा पोर्टल पर फर्जी अभिलेख अपलोड कर शासकीय धनराशि प्राप्त करने का प्रयास किया था।एसआईटी जांच के दौरान मदरसतुल निशां निस्वां आजमगढ़ (मदरसा आईडी-191100693) को अवैध और फर्जी पाया गया। जांच में मदरसे के भवन, छात्र संख्या और अन्य विवरणों से संबंधित गलत जानकारी पोर्टल पर अपलोड किए जाने तथा सरकारी अनुदान हड़पने के प्रयास के तथ्य सामने आए।इस मामले में मदरसे के प्रबंधक अनीस पुत्र इसहाक के विरुद्ध थाना कोतवाली में वर्ष 2025 में धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को रोडवेज परिसर के पास से आरोपी अनीस (85 वर्ष), निवासी नोनहटा, शाहगंज, जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
