




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से मान्यता प्राप्त पत्रकार राजीव चौहान के असामयिक निधन पर बुधवार को कुंवर सिंह उद्यान में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के पत्रकारों तथा गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय राजीव चौहान के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यक्तित्व को हमेशा याद रखा जाएगा।शोकसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार विजय यादव ने दिवंगत पत्रकार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में समस्त पत्रकार बंधु शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत संचालित पत्रकार कल्याण योजना के तहत उपलब्ध आर्थिक सहायता का लाभ दिवंगत पत्रकार के परिजनों को दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। परिवार से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शासन एवं प्रशासन स्तर से परिजनों को जो भी सहायता एवं सहयोग अपेक्षित होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी मीडिया कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।श्रद्धांजलि सभा में जिले के विभिन्न समाचार पत्रों, समाचार एजेंसियों, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
