

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या का मुख्य आरोपी सालिम घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दे की 13 जनवरी की रात को अमिलो में संपत्ति विवाद और घरेलू कलह को लेकर एक ही परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया था। इस हमले में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी (वादी की बहन) गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कुल 8 अभियुक्तों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। 17 जनवरी की रात को मुबारकपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सालिम अमिलो क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सालिम घायल हो गया। उसके पास से 01 अदद अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)जिंदा व खोखा कारतूस बरामद। गिरफ्तार अभियुक्त सालिम पुत्र हफीजुर्रहमान शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर पहले से ही दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अब हत्या व शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
