




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध असलहा लहराते हुए रील बनाकर दहशत फैलाने और “9959 गैंग” के नाम से वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश करने वाले एक युवक को कन्धरापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध पम्प एक्शन गन, दो जिंदा कारतूस और एक काली स्कॉर्पियो बरामद कर सीज कर दी है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कुछ युवकों द्वारा हथियारों के साथ रील बनाकर वायरल करने की सूचना मिली थी। जांच में गोलू यादव पुत्र दयाराम यादव निवासी रघुनाथपुर थाना महराजगंज और रामनगीना उर्फ नग्गू पुत्र नागेन्द्र यादव निवासी हरखुपुर थाना कन्धरापुर के नाम सामने आए। दोनों युवकों पर “9959 गैंग” के नाम से सोशल मीडिया पर प्रभाव जमाने का आरोप है।सूचना के आधार पर बुधवार को कन्धरापुर पुलिस ने मड़या से सेहदा जाने वाले सर्विस रोड पर घेराबंदी कर गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी रामनगीना उर्फ नग्गू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।गिरफ्तार आरोपी के पास से 12 बोर की अवैध पम्प एक्शन गन, दो जिंदा कारतूस तथा काली स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP50CW9959 बरामद हुई। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।इस संबंध में थाना कन्धरापुर में मुकदमा संख्या 152/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए अपराध और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
