




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और अनुशासित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर कोतवाली थाने पर तैनात एक उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।एसएसपी द्वारा की गई समीक्षा में सामने आया कि संबंधित उपनिरीक्षक ने पूर्व तैनाती स्थल सिधारी थाने पर हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में रुचि नहीं ली, आवश्यक अभिलेखीय प्रविष्टियां नहीं कीं तथा गंभीर मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया गया और साइबर हेल्प डेस्क पर लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में भी उदासीनता बरती गई।इन तथ्यों को प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी है।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
