आजमगढ़ मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मनरेगा तकनीकी सहायकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मनरेगा एवं बीबी जी-राम जी योजना के तहत कार्यरत तकनीकी सहायकों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की ओर से जिलाधिकारी आजमगढ़ के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपनी मांगों के निराकरण की मांग की गई है।पत्र में तकनीकी सहायकों ने कहा है कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से बेहद कम मानदेय में विभिन्न परिस्थितियों के बीच अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बावजूद मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है।तकनीकी सहायकों के मुताबिक उन्हें ग्राम पंचायतों की परियोजनाओं के निरीक्षण और अन्य कार्यों के लिए लगातार क्षेत्र में जाना पड़ता है। आने-जाने में प्रतिमाह करीब 6 हजार रुपये तक का खर्च हो जाता है, जिससे कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।एसोसिएशन ने मांग की है कि तकनीकी सहायकों का मानदेय जूनियर इंजीनियर के मूल वेतन के बराबर 45 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि 26 सितंबर 2026 तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर तकनीकी सहायक 28 सितंबर 2026 से ईको गार्डन में धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। जिला अध्यक्ष और जिला महामंत्री की ओर से भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *