

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीवानी कचहरी के पास स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में कथित अवैध निर्माण को लेकर भारत रक्षा दल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने संबंधित निर्माण को हटाने और पार्क की मूल स्वरूप में व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई है।ज्ञापन में भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने कुछ वर्ष पूर्व एक छोटा पार्क और लाखों रुपये खर्च कर फव्वारे का निर्माण कराया गया था। संगठन का आरोप है कि बाद में पार्क में बिना अनुमति के एक अतिरिक्त निर्माण कराया गया और फव्वारे के ऊपर मिट्टी डालकर निर्माण किया गया, जिससे फव्वारा पूरी तरह ढक गया है।भारत रक्षा दल का कहना है कि विकास कार्य के नाम पर जनता के पैसे का इस्तेमाल हुआ, लेकिन अब निर्माण के कारण पार्क और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की स्थिति प्रभावित हो रही है। संगठन ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर कथित अवैध निर्माण को हटवाया जाए और फव्वारे में खर्च हुई धनराशि की क्षतिपूर्ति कराई जाए।संगठन ने यह भी मांग की है कि आवश्यकता होने पर वहां स्वामी विवेकानंद की बड़ी प्रतिमा स्थापित कर उनकी स्मृति और विचारों को सम्मान दिया जाए। ज्ञापन पर भारत रक्षा दल, आजमगढ़ की ओर से जिलाध्यक्ष के हस्ताक्षर किए गए हैं।उल्लेखनीय है कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की दृश्यता और गरिमा को लेकर हाल में एक अन्य सामाजिक संस्था ने भी प्रशासन से स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की थी।
