

चोरी-छिपे पटाखों की बिक्री करने का आरोप; विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीपावली और त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को तरवां थाना पुलिस ने एक किराना दुकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने दुकान से कुल 60 किलोग्राम पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक सैना कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भरथीपुर निवासी संदीप गुप्ता अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर चोरी-छिपे उनकी बिक्री कर रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप गुप्ता पुत्र जयप्रकाश गुप्ता, निवासी भरथीपुर, थाना तरवां, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई।पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो वहां अलग-अलग ब्रांड और किस्म के कुल 60 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इनमें मिर्ची बम, मिनी बुलेट, बिजली क्रैकर्स, रॉकेट बम और बुलेट बम सहित कई प्रकार के पटाखे शामिल थे।पुलिस ने आरोपी को बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना तरवां में मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं 5/9(ख) विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सैना कुमार सिंह, कांस्टेबल राहुल यादव, दीपक वर्मा और महिला कांस्टेबल आर्या जायसवाल शामिल रहीं।
