

आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश, अपराधियों पर निगरानी और नियमित पैदल गश्त पर दिया जोर
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वार्षिक निरीक्षण-2026 के द्वितीय दिवस पर मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन श्री नवीन अरोरा ने आजमगढ़ जनपद के थाना सिधारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मानुष पारीक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।एडीजी ने सबसे पहले थाना परिसर में सलामी गार्द का निरीक्षण किया और जवानों के टर्नआउट, अनुशासन एवं सलामी की गुणवत्ता को परखा। इसके बाद थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और समय से प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।इसके बाद मालखाना, माल मुकदमाती, शस्त्रागार और हवालात का निरीक्षण किया गया। शस्त्रों एवं कारतूसों की उपलब्धता, सुरक्षित रखरखाव तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क पर पहुंचकर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखी तथा पीड़ितों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एडीजी ने सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन अभिलेखों और पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों की समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की स्थिति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, बीट पुलिसिंग मजबूत करने तथा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाकर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।थाना परिसर में बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया। पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और थाने को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश आगामी धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित पैदल गश्त करने तथा प्रभावी वाहन चेकिंग अभियान चलाने को कहा। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, जाम की स्थिति से निपटने और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।इसके साथ ही अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम चौकीदारों और गणमान्य व्यक्तियों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया, ताकि त्योहारों के दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा कायम रहे।एडीजी नवीन अरोरा ने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
