परीक्षा फॉर्म नहीं भरने से भड़के छात्र, शिब्ली कॉलेज में छह घंटे तक धरना, मनाने पहुंचे एसपी सिटी और सीओ सिटी

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर के शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज में परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बीच बैक पेपर और पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। इससे नाराज जैन जी छात्र-छात्राओं ने बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन शुुरु कर दिया। इस दौरान काॅलेज प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि पिछले सेमेस्टर में बैक लगने वाले विद्यार्थियों के साथ पांचवें सेमेस्टर के छात्रों का भी परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जा रहा है। इससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। धरने की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक, सिटी सिटी शुभम तोदी समेत अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक करीब छह घंटे बाद छात्र-छात्राओं का धरना प्रदर्शन समाप्त हो सका। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने मांग की कि बैक पेपर के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाए, ताकि जिन छात्रों की प्रथम या अन्य सेमेस्टर में बैक लगी है, वे परीक्षा फॉर्म भरकर परीक्षा दे सकें। इसके साथ ही पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने का अवसर भी दिया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय पर परीक्षा परिणामों में लगातार गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को भी परिणाम में अनुपस्थित दिखा दिया जाता है। परीक्षा परिणाम में ऐसी त्रुटियों के चलते छात्रों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। एमए के तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने भी समर्थ पोर्टल नहीं खुलने की समस्या उठाई। उनका कहना है कि परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि निर्धारित कर दी गई है, लेकिन पोर्टल की तकनीकी दिक्कत के कारण कई छात्र आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *