




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में आजमगढ़ के जी.डी. ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहद उत्कृष्ट और प्रेरणादायी रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।विद्यालय के विज्ञान वर्ग के छात्र प्रियांशु गुप्ता ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉप किया। वहीं मानविकी वर्ग में सौम्या यादव ने 94.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। कॉमर्स वर्ग में समीर उपाध्याय ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 15 रही, जबकि 85 से 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 24 छात्र रहे। विद्यालय ने इसे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम बताया।विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल और कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि यह परिणाम अनुशासन, कठिन परिश्रम और सामूहिक प्रयास का प्रेरणादायी उदाहरण है।
