
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के बाद घायल अभियुक्त पुलिस के सामने हाथ जोड़ते हुए नजर आया।पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त की पहचान जाकिर उर्फ शैफ (38 वर्ष) निवासी कुरैशी टोला माहुल के रूप में हुई है, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर व गोतस्करी समेत कुल 08 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।घटनास्थल से पुलिस ने .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
