




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़ । सरायमीर पुलिस ने महिलाओं को भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह का सरगना पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को सरायमीर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर झांसे में लिया था। आरोपियों ने शुद्धिकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और करीब एक लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में थाना सरायमीर में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो बदमाश मोटरसाइकिल से फूलपुर की ओर से खरेवा आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दौरान एक आरोपी भाग निकला, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48 वर्ष) निवासी अलीगढ़, हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका भाई बाजारों में घूमकर अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाते थे। परिवार पर संकट, जादू-टोना या भूत-प्रेत का भय दिखाकर उन्हें विश्वास में लेते और शुद्धिकरण के बहाने जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाते थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और आजमगढ़ समेत कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी
