


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियाव इलाके में दबंगों के आतंक का मामला सामने आया है, जहां नामजद आरोपियों द्वारा लगातार मारपीट, धमकी और जानलेवा हमले की घटनाओं के बावजूद पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।पीड़ितों के अनुसार, ग्राम सुराई निवासी कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही दबंग किस्म के लोग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। विरोध करने पर आरोपियों ने कई बार मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।बताया गया कि 15 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने शैलेंद्र यादव पर लाठी-डंडों और एसिड से जानलेवा हमला किया था, लेकिन उस समय भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर 26 अप्रैल 2026 को थाना मुबारकपुर में मुकदमा संख्या 158/2026 दर्ज किया गया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 25 अप्रैल को एक युवक से मारपीट कर नकदी छीन ली गई, जबकि 26 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे सठियाव चौराहे पर स्थित दुकान में घुसकर आरोपियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में शैलेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य लोग भी चोटिल हुए।घटना के बाद मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक केवल एक आरोपी को ही गिरफ्तार कर पाई है, जबकि अन्य नामजद आरोपी फरार हैं। पीड़ितों का कहना है कि फरार आरोपी लगातार गवाहों को धमका रहे हैं और सुलह के लिए दबाव बना रहे हैं।पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के राजनीतिक और स्थानीय प्रभाव के कारण पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
