




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री एवं Om Prakash Rajbhar ने मंगलवार को अतरौलिया में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने हाल ही में एटीएस द्वारा आजमगढ़ से एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि आखिर समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्रों से ही बार-बार आतंकी क्यों पकड़े जा रहे हैं।राजभर ने कहा कि एटीएस ने देशहित में सराहनीय कार्य किया है और इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र से लगातार आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हो रही है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।मंत्री ने आरोप लगाया कि जिस क्षेत्र को समाजवादी पार्टी अपना मजबूत गढ़ बताती है, वहां लंबे समय तक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग सक्रिय रहे। उन्होंने कहा, “यदि कोई व्यक्ति वर्षों तक किसी इलाके में रहकर ऐसी गतिविधियों में शामिल था, तो उसे संरक्षण कौन दे रहा था? इसकी भी जांच होनी चाहिए।”गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश एटीएस ने हाल ही में आजमगढ़ के निजामाबाद क्षेत्र के खुदादादपुर (संजरपुर) निवासी मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार आरोपी पाकिस्तान से संचालित एक आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था और सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने तथा युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक निगरानी के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।राजभर के इस बयान के बाद जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने के आसार हैं। विपक्षी दलों की ओर से इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
