



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजन राजभर और सचिन राजभर निवासी गढ़ कौशिक, थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में जिला चिकित्सालय, भैरव बाबा मंदिर महराजगंज तथा अन्य स्थानों से हुई कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के नाम प्रकाश में आए थे। इन घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।आरोपियों की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा था। जिलाधिकारी द्वारा 28 मई 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।सोमवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों पर मोटरसाइकिल चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
