
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में देर रात प्रयागराज से गोरखपुर जा रही एक रोडवेज बस को रोककर अज्ञात लोगों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट की, बस का शीशा तोड़ दिया और परिचालक से नकदी सहित आवश्यक दस्तावेज छीन लिए। घटना से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के बेहटा गोकुल निवासी दीपक दीक्षित पुत्र अशोक कुमार दीक्षित रोडवेज बस में परिचालक के पद पर तैनात हैं। देर रात वह बस लेकर प्रयागराज से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही बस बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव के पास पहुंची, कुछ लोगों ने बस को रुकवा लिया और चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए बस का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद चालक को बस से नीचे उतारकर उसकी पिटाई कर दी गई। परिचालक दीपक दीक्षित जब चालक को बचाने आगे आए तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और बैग से करीब दस हजार रुपये नकद तथा मार्ग पत्र छीन लिया। आरोप है कि आरोपियों ने रॉड से जानलेवा हमला भी किया, जिससे जान बचाने के लिए परिचालक को मौके से कुछ दूरी पर जाकर छिपना पड़ा। घटना के बाद पीड़ित परिचालक ने बरदह थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
