
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीतिका राजन द्वारा सोमवार को जनपद स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।निरीक्षण के दौरान केन्द्र प्रबंधक सरिता पाल सहित वन स्टॉप सेंटर का समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया। सचिव द्वारा सेंटर में रखे गए अभिलेखों का अवलोकन किया गया, जो अद्यतन स्थिति में पाए गए। केंद्र प्रबंधन द्वारा बताया गया कि वर्तमान में वन स्टॉप सेंटर में कुल 08 बालिकाएं (05 नाबालिग एवं 03 बालिग) निरुद्ध हैं, जिन्हें आवश्यकतानुसार चिकित्सीय सुविधा, आश्रय, सुरक्षा, परामर्श, कानूनी एवं पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।निरीक्षण के दौरान सचिव ने बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली, जिस पर किसी भी प्रकार की असुविधा की बात सामने नहीं आई। केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।इसके पश्चात आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में सचिव द्वारा महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर के सदस्य, पराविधिक स्वयंसेवक एवं महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
