

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बिलरियागंज कस्बे के महाराजगंज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। जांच में अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित पाया गया और वहां कोई योग्य चिकित्सक भी मौजूद नहीं मिला। अस्पताल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।जानकारी के अनुसार, शाहडीह निवासी कौशल्या देवी को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद बच्ची की मौत हो गई, जबकि प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर गठित टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अवैध अस्पतालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
