




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के जियनपुर थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव से जुड़ी मतदाता सूची में फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने बीएलओ, सुपरवाइजर और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर मतदाता सूची में अवैध नाम जोड़ने और हटाने के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।जांच में पता चला कि विकास खंड अजमतगढ़ से जमा की गई पंचायत चुनाव की पाण्डुलिपियों में फर्जी हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज शामिल थे।आरोप है कि अभियुक्तों ने मिलीभगत कर मतदाता सूची में अवैध परिवर्धन और विलोपन कर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत जीयनपुर पुलिस ने बागखालिस नहर पुलिया के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय कुमार निवासी छत्तरपुर दलेल, संतोष कुमार भाष्कर निवासी जमुआ हरिराम थाना मुबारकपुर तथा नदीम अहमद निवासी खालिसपुर थाना जीयनपुर शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दलप्रताप सिंह समेत जीयनपुर थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
