

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, स्कूली वाहनों की सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही और यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में आरटीओ प्रवर्तन सुनील दत्त ने बताया कि 1 अप्रैल से 24 अगस्त 2026 तक मंडल के तीनों जनपदों में स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 656 वाहनों के चालान और 169 वाहनों को बंद किया गया। वहीं मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत 1 जुलाई से 24 अगस्त तक 484 वाहनों के चालान और 148 स्कूली वाहनों को बंद किया गया।मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी जनपद में बिना परमिट वाहन संचालित नहीं होना चाहिए। स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और अन्य सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।908 सड़क दुर्घटनाओं में 534 लोगों की मौतबैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अब तक मंडल के तीनों जनपदों में 908 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें 644 लोग घायल और 534 लोगों की मौत हुई है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आजमगढ़ में 38, मऊ में 24 और बलिया में 33 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं।मंडलायुक्त ने ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग सहित आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा।हेलमेट और सीटबेल्ट पर विशेष जोरपरिवहन विभाग की कार्रवाई की समीक्षा में बताया गया कि मंडल में हेलमेट के उल्लंघन पर 10,194, सीटबेल्ट पर 1,893, नंबर प्लेट पर 1,415, वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल पर 1,254, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 1,278 और ओवरस्पीड के मामले में 4,353 वाहनों पर कार्रवाई की गई।वहीं पुलिस विभाग ने हेलमेट के मामले में 2,34,411, सीटबेल्ट में 8,626, नंबर प्लेट में 7,448, मोबाइल के इस्तेमाल में 1,524, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 4,644 और ओवरस्पीड में 1,034 वाहनों पर कार्रवाई की।मंडलायुक्त ने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीटबेल्ट का अनिवार्य प्रयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पेट्रोल पंप संचालकों के माध्यम से भी लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।बैठक में हिट एंड रन के मामलों की भी समीक्षा हुई। आजमगढ़ में एक और मऊ में तीन आवेदन प्राप्त हुए हैं। दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को सम्मानित करने के लिए आजमगढ़ से चार और मऊ से दो आवेदन मिले हैं।मंडलायुक्त ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पाण्डेय, सीडीओ आजमगढ़ राकेश कुमार पटेल, सीडीओ मऊ विवेक कुमार श्रीवास्तव, आरटीओ प्रशासन अश्वनी राजपूत, तीनों जनपदों के एआरटीओ सहित मंडलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
