

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त मो. हैदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चुनहवा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, 7 अप्रैल 2025 को जीयनपुर निवासी गौतम प्रसाद चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मो. हैदर समेत अन्य आरोपियों ने फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराई। मामले में जीयनपुर थाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ ने 13 सितंबर 2026 को गैंग चार्ट को मंजूरी दी। इसके बाद 23 सितंबर को जीयनपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।इसी मामले में पुलिस टीम मालटारी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मो. हैदर पुत्र निजामुद्दीन निवासी रौजा सैफन पट्टी को चुनहवा चौराहा के पास से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
