

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राएं इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।योजना के तहत पात्र छात्राओं को अधिकतम ₹65,000 लागत तक की ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे स्कूल, कॉलेज, प्रशिक्षण संस्थान, लाइब्रेरी, लैब और हॉस्टल तक आसानी से आ-जा सकें।योजना का लाभ मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से पीड़ित उन छात्राओं को मिलेगा जो ई-ट्राईसाइकिल चलाने में सक्षम हों तथा जिनके पास मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रमाणित दिव्यांग प्रमाण-पत्र या यूडीआईडी कार्ड हो। लाभार्थी या उनका परिवार आयकरदाता नहीं होना चाहिए और बीपीएल परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, पिछले पांच वर्षों में किसी अन्य स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त करने वाली छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। आवेदन के साथ संबंधित शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान का अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक छात्राएं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, आजमगढ़ से संपर्क कर सकती हैं।
