

गौरव श्रीवास्तव, आजमगढ़।यातायात पुलिस में तैनात आरक्षी रंजीत कुमार मौर्य की आकस्मिक मृत्यु से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन आजमगढ़ में मृतक आरक्षी को उनके परिजनों की उपस्थिति में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय आरक्षी रंजीत कुमार मौर्य पुत्र स्व. सुदामा मौर्य, निवासी ग्राम जाम, थाना रसड़ा, जनपद बलिया, यातायात पुलिस जनपद आजमगढ़ में नियुक्त थे। वह कोतवाली थाना क्षेत्र के मातबरगंज स्थित अभय श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि वह अपने कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाया गया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों को थाना रसड़ा, जनपद बलिया के माध्यम से सूचना दी गई।श्रद्धांजलि सभा के दौरान एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। पुलिस विभाग ने एक कर्मठ और अनुशासित जवान को खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
