

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बागेश्वर नगर मोहल्ले स्थित एक मैरेज हाल में करंट लगने से होटल कर्मचारी की मौत हो गई। बुधवार सुबह कर्मचारी का शव परिसर में पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गांगेपुर गांव निवासी सुशील राय (32) के रूप में हुई है। वह रोडवेज के पास स्थित एक होटल में काम करते थे और पास के ही एक मैरेज हाल में रहते थे।जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम होटल में ड्यूटी करने के बाद सुशील मैरेज हाल स्थित अपने कमरे में चले गए थे। रात में परिसर में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह लोगों ने उन्हें परिसर में मृत अवस्था में पड़ा देखा। बताया गया कि उस समय उनके हाथ में बिजली का तार था।घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।सुशील राय चार भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर गांव और परिवार तक पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
