

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर नगर के कटरा मोहल्ले में बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर नगर के पुरा रानी मोहल्ला निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब अपने चचेरे भाई रेयाज उम्र 15 वर्ष पुत्र हुमायूं कबीर के साथ बाइक से सेंट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर जा रही थी। दोनों अभी कटरा मोहल्ले में पहुंचे थे कि सामने ट्रेलर आ गया। अचानक ट्रेलर सामने आने से बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। इस दौरान रेयाज बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई। पहिए के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रेयाज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। ट्रेलर को भी मौके से कब्जे में ले लिया गया।थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतका दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं। हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया।
