

आकाश सिंह बने मैन ऑफ द मैच, मऊ ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी टी-20 स्टेट चैंपियनशिप के तीसरे दिन का पहला मुकाबला मऊ और गाजीपुर के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मऊ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजीपुर को 75 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ ही मऊ ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई।
दिन के पहले मैच का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के लालगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं की प्रतिभा, खेल भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का सराहनीय माध्यम है। खेल हमें अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आयोजन समिति को शानदार आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मैच में मऊ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मऊ ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मऊ की ओर से आकाश सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। वहीं, अमित यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 50 रनों का योगदान दिया। गाजीपुर की ओर से यश रघुवंशी और आदित्य कुशवाहा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर की टीम मऊ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 125 रनों पर ऑलआउट हो गई। गाजीपुर की ओर से जीशान अंसारी ने सर्वाधिक 38 रन बनाए।
मऊ की ओर से गेंदबाजी करते हुए बालकेश ने शानदार प्रदर्शन किया और चार विकेट झटके, जबकि रोहित यादव ने तीन विकेट लेकर गाजीपुर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस तरह मऊ ने मुकाबला 75 रनों से अपने नाम कर लिया।
शानदार बल्लेबाजी के लिए आकाश सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मऊ की इस जीत से टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर चैंपियनशिप में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
