

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर आजमगढ़ पुलिस ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम प्रहरियों, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा कीं। पुलिसकर्मियों ने मिठाई, दीपक, मोमबत्ती और उपहार सामग्री वितरित कर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों के थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पहुंचकर दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी खुशियों में सहभागिता की।पुलिसकर्मियों की इस पहल से बच्चों और परिवारों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। मिठाई और उपहार पाकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। वहीं ग्राम प्रहरियों के साथ भी पुलिस ने संवाद स्थापित कर उनके योगदान की सराहना की।आजमगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ बेहतर संबंध स्थापित करना और आपसी सौहार्द एवं जनविश्वास को मजबूत करना भी रहा।आजमगढ़ पुलिस ने इस अवसर पर जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
