

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,नगर पंचायत अतरौलिया में नवरात्र पर्व से गहराए पेयजल संकट को लेकर सोमवार को भाजपा नेताओं, सभासदों और नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा के पूर्व प्रत्याशी धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू और मनोनीत सभासद रिंकू मोदनवाल के नेतृत्व में लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने छठ पर्व से पहले जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू ने आरोप लगाया कि नवरात्र से मुख्य सबमर्सिबल पंप खराब पड़ा है, जिससे कस्बे के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है। नवरात्र और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को साफ-सफाई, रखरखाव और वेतन मद में प्रतिमाह करीब 19 लाख रुपये मिलते हैं, इसके बावजूद पेयजल संकट दूर करने के लिए बजट का अभाव बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि बुधनिया मार्ग पर आरसीसी सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध है, तो पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए क्यों नहीं? चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर नई मोटर लगाकर जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो नगर पंचायत कार्यालय का घेराव किया जाएगा।भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष निषाद ने नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित कर्मचारियों पर जलापूर्ति बाधित करने का आरोप लगाते हुए इसे सरकार की छवि खराब करने की साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से जनता को पानी से वंचित किया जा रहा है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर लखनऊ जाकर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से मिलेंगे और जांच कर कार्रवाई की मांग करेंगे। मनोनीत सभासद रिंकू मोदनवाल ने बताया कि अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन मिला। पहले दो से तीन घंटे पानी की आपूर्ति होती थी, जो अब सुबह सात से आठ बजे तक सीमित रह गई है। वार्ड संख्या 10 निवासी सुमित कुमार ने बताया कि कस्बे की 10 से 12 हजार आबादी में करीब 90 प्रतिशत लोग सरकारी जलापूर्ति पर निर्भर हैं। पानी की कमी से बच्चों के स्कूल जाने, स्नान और घरेलू कामकाज में परेशानी हो रही है। आईजीआरएस, डीएम पोर्टल और एसडीएम से शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ।इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि नगर में जलापूर्ति पूरी तरह बंद नहीं है, बल्कि नियमित रूप से पानी दिया जा रहा है। व्यवस्था मजबूत करने के लिए 25 किलोवाट क्षमता की नई मोटर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जीईएम पोर्टल के माध्यम से नियमानुसार मोटर मंगाकर स्थापित कराई जाएगी, जिससे पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।प्रदर्शन में धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू, सुभाष निषाद, सुमित कुमार , रिंकू मोदनवाल, योगेंद्र प्रसाद, विकास मोदनवाल, विक्की मोदनवाल, वीरेंद्र निषाद और विकास निषाद समेत अन्य लोग शामिल रहे।
