विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर एक्शन मोड में जिला प्रशासन, डीएम रविन्द्र कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन से जुड़े नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जिम्मेदारियों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 10 नवंबर को सभी सेक्टर अधिकारियों का अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण कराया जाए तथा 13 नवंबर तक सभी मतदान केंद्रों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग की रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। डीएम ने मतदान केंद्रों और मतगणना स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। रास्तों में अवैध कब्जा या अतिक्रमण मिलने पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा, ताकि चुनाव के दौरान आवागमन में कोई बाधा न आए।उन्होंने मतदान कार्मिकों, मतगणना कर्मियों, माइक्रो ऑब्जर्वर, मास्टर ट्रेनर, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन सामग्री, स्टेशनरी, मतपत्र, डाक मतपत्र और अन्य आवश्यक प्रपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।निर्वाचन व्यय पर निगरानी रखने के लिए वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, स्थैतिक निगरानी टीम और उड़नदस्ता टीम का विधानसभा वार गठन कर उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं, चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने पर भी जोर दिया गया।बूथों पर मिलेंगी मतदाताओं को जरूरी सुविधाएंजिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) के तहत रैंप, बिजली, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, छाया, हेल्प डेस्क और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।इसके अलावा सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वेबकास्टिंग, कम्युनिकेशन प्लान, ब्रेल लिपि में डमी बैलेट पेपर तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मतदान की व्यवस्था करने को कहा गया।डीएम ने स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की मतदान में सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मीडिया नोडल अधिकारी को राजनीतिक विज्ञापनों, पेड न्यूज और सोशल मीडिया पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निगरानी रखने को कहा गया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां समय से पूरी करें।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, एसपी सिटी मानुष पारिक, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार शुक्ला, एएसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम डॉ. आराधना त्रिपाठी, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *