

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।बिलरियागंज कस्बे में सार्वजनिक मार्ग तथा नगरपालिका परिषद की सरकारी सब्जी मंडी की भूमि पर अतिक्रमण का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि श्री मोहम्मद इकबाल एवं उनके भाई, जो स्वयं को पत्रकार बताते हैं, द्वारा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर वर्षों से उसका निजी उपयोग किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों, स्थानीय व्यापारियों तथा बाहर से आने वाले सब्जी विक्रेताओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है इसके साथ ही स्थानीय लोगों के अनुसार, श्री मोहम्मद इकबाल द्वारा सार्वजनिक गली पर दुकान बना ली गई है जिससे लगभग बीस हिन्दू परिवारों का आवागमन बाधित होने के कारण उन्हें नित्य गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि यह प्रकरण जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार, सगड़ी के संज्ञान में है तथा प्रशासन द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया जा चुका है।इसी परिवार के दूसरे सदस्य पर यह भी आरोप है कि उन्होंने नगरपालिका परिषद, बिलरियागंज की सरकारी सब्जी मंडी हेतु आरक्षित भूमि के एक हिस्से पर कथित रूप से कब्जा कर रखा है। आरोप है कि इस कारण बाहर से आने वाले सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पाता जबकि आरक्षित भूमि का उपयोग निजी वाहनों को खड़ा करने एवं निजी प्रयोजनों के लिए किया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इससे मंडी की व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने से यातायात भी बाधित होता है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग एवं सार्वजनिक भूमि पर कथित अतिक्रमण के कारण वर्षों से जनसुविधाएँ प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि समस्त अवैध कब्जे हटाकर सार्वजनिक भूमि को उसके मूल उद्देश्य के लिए मुक्त कराया जाए और सब्जी मंडी को आवंटित सरकारी भूमि तथा सार्वजनिक मार्ग पर अवैध अतिक्रमण करने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
