


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोरी हाईवोल्टेज बिजली के खम्भे पर चढ़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव की उत्तर सीवान में स्थित हाईवोल्टेज विद्युत खम्भे पर मंगलवार को करीब साढ़े बारह बजे नटौली गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक चढ़ गई। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई थी।सबसे पहले आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने किशोरी को खम्भे पर चढ़ते देखा, जिसके बाद शोर मचाया गया। देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और बार-बार अपने प्रेमी से ही शादी करने की बात कहती रही।हाईवोल्टेज खम्भे पर चढ़ने से किसी बड़े हादसे की आशंका के कारण पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया।आखिरकार पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसके प्रेमी से विवाह के संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के भरोसे के बाद किशोरी खम्भे से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई।बताया जा रहा है कि किशोरी का प्रेमी जौनपुर जनपद का निवासी है। इसलिए जौनपुर पुलिस किशोरी को शाहगंज कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना पूरे दिन इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
