


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया।थाना क्षेत्र के छितौनी मोड़ के पास सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक स्विफ्ट डिजायर कार पर फायरिंग कर दी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस दौरान कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।मिली जानकारी के अनुसार देर रात छितौनी मोड़ के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने स्विफ्ट डिजायर कार को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर जांच के दौरान कार पर गोली लगने के निशान पाए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छितौनी मोड़ के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां एक स्विफ्ट डिजायर कार पर गोली लगने की पुष्टि हुई है। इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
