


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को विकास खंड परिसर जहानागंज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 08 विकास खंडों और 03 नगर पंचायतों से पंजीकृत कुल 202 जोड़ों में से 186 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार यशवंत सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख जहानागंज रमेश कन्नौजिया, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल तथा मंडल अध्यक्ष जहानागंज राकेश सिंह मौजूद रहे।मुख्य अतिथि यशवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अब आर्थिक अभाव के कारण किसी भी गरीब परिवार की बेटी की शादी नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार प्रति जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये खर्च करती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में उपहार स्वरूप भेजे जाते हैं। इसके अलावा लगभग 25 हजार रुपये के गृहस्थी के 26 प्रकार के सामान, जैसे साड़ी सेट, प्रेशर कुकर, स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, गद्दे, डबल बेड की चादर, चांदी की पायल और बिछिया आदि दिए जाते हैं, जबकि 15 हजार रुपये कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, डीडी पंचायती राज, बीडीओ जहानागंज, बीडीओ अजमतगढ़ सहित समाज कल्याण विभाग और विकास विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
