करोड़ों का नाला बना मुसीबत, घरों में घुसा गंदा पानी; अतरौलिया में फूटा लोगों का गुस्सा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अतरौलिया नगर पंचायत अतरौलिया में करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे नाले अब लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। जल निकासी की ठोस व्यवस्था न होने के कारण नाले ओवरफ्लो हो रहे हैं और गंदा पानी सड़कों से होते हुए घरों में घुस रहा है। इससे नगर के कई इलाकों में हालात बेहद खराब हो गए हैं।सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में लोहिया नगर (यूनियन बैंक रोड) और खानपुर फतेह वार्ड (बुधनिया रोड) शामिल हैं, जहां लोगों को जलभराव और गंदगी से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाले तो बना दिए गए, लेकिन पानी की निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, गंदा पानी घरों के ड्राइंग रूम और किचन तक पहुंच रहा है, जिससे बदबू और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।नगरवासियों का कहना है कि नाले के निर्माण से पहले उसके आउटलेट यानी निकासी बिंदु का निर्धारण जरूरी होता है, लेकिन इस बुनियादी पहलू की अनदेखी की गई। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद समस्या खत्म होने के बजाय और गंभीर हो गई है। इस लापरवाही को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।इस मामले में अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को बुलाकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा और समस्या का जल्द निस्तारण किया जाएगा। हालांकि, लोगों का सवाल है कि यह निरीक्षण निर्माण कार्य से पहले क्यों नहीं किया गया।फिलहाल नगरवासी जलभराव और गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं और अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

क्षेत्रीय संवाददाता: आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *