आजमगढ़ मेज़वा गांव के ग्रामीणों ने हनुमान मंदिर के सामने से नाली बनाकर नदी में गंदा पानी गिराने का किया विरोध, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। तहसील फूलपुर के ग्राम मेजवाँ बक्सपुर में नाले का निर्माण कर गंदा पानी सीधे नदी में गिराए जाने की योजना के विरोध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर नाले का पानी नदी में गिराने की व्यवस्था की जा रही है, ठीक उसी स्थान के सामने हनुमान जी का विशालकाय मंदिर स्थित है। इस स्थल पर हिंदू समाज द्वारा नियमित रूप से पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान एवं छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व मनाए जाते हैं, वहीं नदी के घाट पर स्नान-ध्यान का कार्य भी निरंतर होता रहता है। ऐसे में गंदा पानी नदी में गिराए जाने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है।ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि गाटा संख्या 160 में स्थित पोखरी में पिछले लगभग 40 वर्षों से पूरे ग्राम मेजवाँ बक्सपुर का जल निकास किया जा रहा है, जिससे कभी कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई। इसके बावजूद उपजिलाधिकारी फूलपुर द्वारा नाले का निर्माण कर पानी को नदी तक ले जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे न केवल राजस्व की भारी क्षति होगी, बल्कि नदी एवं मंदिर की पवित्रता भी प्रभावित होगी।ज्ञापन में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि नाले के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा पूर्व में चली आ रही व्यवस्था के अनुसार पोखरी में ही जल निकासी की व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही नदी एवं हनुमान मंदिर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक महत्व को बनाए रखने के लिए नाले को नदी की ओर ले जाने की योजना को निरस्त किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *