

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने रोड जाम कर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और नारेबाजी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को रेनू पत्नी शिवम, निवासी गेलवारा थाना सिधारी, की मृत्यु के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चरी लाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोगों ने शव ससुराल पक्ष को ले जाने से रोकते हुए पहले एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। पुलिस द्वारा समझाने और थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहने के बावजूद लोग आक्रोशित हो गए।इसी दौरान शनि पुत्र रामजी निवासी हासापुर के साथ करीब 20-25 महिला-पुरुषों ने जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा जाम हटाने का प्रयास करने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडे लेकर सड़क जाम रखा। मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0445/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संतोष कुमार (28), चन्द्र भान राम (54), अमरनाथ (48), रामचेत (52) और चैतूराम (55), सभी निवासी ग्राम सोहिला, थाना तहबरपुर, को ग्राम सोहिला से रात करीब 12:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
