आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसे में घायल बहनों ने DM-SSP को बांधी राखी,अधिकारियों ने निभाया भाई का फर्ज

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर पवई क्षेत्र में गुरुवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मंडलीय जिला अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं के लिए रक्षाबंधन का पर्व भावुक कर देने वाला रहा। हादसे में घायल करीब 20 महिलाओं और बहनों ने अस्पताल में पहुंचकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को राखी बांधी। अधिकारियों ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए उन्हें साड़ी और लिफाफा सप्रेम भेंट किया तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।गुरुवार की रात गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर पवई क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 191.2 के पास अचानक अनियंत्रित पिकअप वाहन आ जाने से रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मंडलीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सुबह अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार दोबारा अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।इसी दौरान अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं ने दोनों अधिकारियों को राखी बांधी। रक्षाबंधन के इस भावुक क्षण में डीएम और एसएसपी ने भी बहनों को साड़ी व लिफाफा भेंट करते हुए उनके प्रति भाई का फर्ज निभाया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन घायलों के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होने देगा।हादसे में रोडवेज बस चालक रजनीकांत और करीब 50 वर्षीय महिला यात्री की मौत हुई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन निगम की ओर से मृतकों के परिजनों को 7.50-7.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं घायलों को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की गई।प्रशासन के अनुसार कुल 34 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तक उपचार के बाद स्वस्थ हुए 14 मरीजों को प्रशासन की मदद से उनके घर पहुंचा दिया गया, जबकि शेष 20 घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।रक्षाबंधन के मौके पर अस्पताल में हुआ यह भावुक दृश्य अधिकारियों और घायल बहनों के बीच बने आत्मीय रिश्ते की मिसाल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *