


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ निजामाबाद। थाना क्षेत्र के अरया गांव में आवास निर्माण को लेकर बातचीत के दौरान ग्राम प्रधान और एक युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।बताया गया कि अरया गांव निवासी विनोद यादव (19) की ग्राम प्रधान महेंद्र यादव (52) और उनके पुत्र विकास यादव से आवास के चबूतरे के निर्माण को लेकर बातचीत हो रही थी। आवास किस तरह बनाया जाएगा, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीओ सदर आस्था जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
