

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग की ओर से शहर में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा की सघन जांच की जा रही है।अधिशासी अभियंता शहर राज कुमार सिंह ने बताया कि ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी त्योहारों के दौरान फील्ड में उतरकर स्वयं फुट पेट्रोलिंग करें और प्रत्येक स्थल का निरीक्षण करें, ताकि जनसुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार की खतरनाक स्थिति उत्पन्न न हो।उन्होंने बताया कि अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास खुले बिजली बॉक्स, झूलते तारों और विद्युत पोलों की जांच की जा रही है। पंडाल आयोजकों को सुरक्षा निदेशालय से एनओसी प्राप्त करने तथा नियमानुसार उचित विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही शहर में जर्जर बिजली के तारों को बदला जा रहा है। खुले विद्युत बॉक्सों को सुरक्षित किया जा रहा है और झुके हुए बिजली के पोलों को दुरुस्त कराया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और श्रद्धालुओं सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
