लालगंज में कम जेंडर रेशियो वाले बूथों का एसडीएम नेहा मिश्रा ने किया निरीक्षण, BLO से लेकर प्रधानों तक के साथ की बैठक

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विधानसभा क्षेत्र 351 लालगंज में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने और जेंडर रेशियो में सुधार को लेकर एसडीएम नेहा मिश्रा लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने बूथ संख्या 389 से 399 तक विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कम जेंडर रेशियो वाले बूथों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने BLO से संवाद कर महिला मतदाताओं के कम अनुपात के कारणों की जानकारी ली और जेंडर रेशियो में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इसके साथ ही संबंधित बूथों पर कोटेदारों, ग्राम प्रधानों और आशा कार्यकर्ताओं को बुलाकर उनके साथ बैठक और बातचीत की गई। एसडीएम ने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें और पात्र महिलाओं के अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाने में सहयोग करें।कंपोजिट विद्यालय कालीचाबाद स्थित बूथ संख्या 389, 390, 391, 394 और 395 का निरीक्षण करते हुए उन्होंने फॉर्म भरने और डिजिटाइजेशन की स्थिति देखी। बूथ संख्या 391 पर जेंडर रेशियो 715 से बढ़कर 748 और बूथ संख्या 390 पर 736 से बढ़कर 764 पहुंच गया है। वहीं बूथ संख्या 390 पर नेटवर्क की समस्या के कारण छह फॉर्म डिजिटाइजेशन के लिए लंबित मिले।इसके बाद कंपोजिट विद्यालय नोनिपुर उर्फ नईकोट स्थित बूथ संख्या 396, 397 और 398 का भी निरीक्षण किया गया। बूथ संख्या 396 पर 17 से 24 नवंबर के बीच 18 फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि बूथ संख्या 397 पर भी 18 फॉर्म एकत्र किए गए। बूथ संख्या 398 का जेंडर रेशियो 806 होने के कारण इसे विशेष रूप से फोकस में रखा गया है।एसडीएम नेहा मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जिन बूथों पर महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां इसके कारणों की पहचान कर विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने BLO, ग्राम प्रधान, कोटेदार और आशा कार्यकर्ताओं से सामूहिक रूप से अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और जेंडर रेशियो में सुधार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *