



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में कस्बा बाजार के पास बरडीहा मोड़ स्थित वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आर्टिका कार सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर सभी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
