


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के चक सिकठी गांव के इस्लामपुरा मोहल्ले में बीती देर रात 23 वर्षीय हसनैन पुत्र नौशाद की घर के सामने ही चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई। युवक अपने दोस्त से बात कर रहा था इसी दौरान कहा सुनी हो गई। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक को लहूलुहान कर दिया गया। खून से लथपथ पड़े युवक को थोड़ी देर बाद किसी अन्य काम से निकले पिता नौशाद ने देखा। युवक की हालत देखकर वह सन्न रह गए और शोर मचाने लगे। युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी इस्लामपुरा मोहल्ले का ही इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान बताया जा रहा है। मृतक सात भाई और तीन बहनों में पांचवें नंबर पर था। मृतक बुनकरी के काम से जुड़ा था। रात में ही घटना की सूचना मिलने के बाद मुबारकपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया। आरोपी के खिलाफ मृतक के पिता ने मुकदमा दर्ज करा दिया है।सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुरा मोहल्ले में 3 अप्रैल को दो युवकों के बीच आपसी विवाद हुआ इसमें इरफान पुत्र अब्दुल मन्नान ने हसनैन पुत्र नौशाद जिसकी उम्र 23 वर्ष थी उसे चाकू मार दिया। हसनैन की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुकदमा दर्ज करके आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
