


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने प्रातः 07:15 बजे शहर स्थित सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में चल रहे विभिन्न कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा खिलाड़ियों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण/फिनिशिंग कार्य का अवलोकन किया। कार्य की प्रगति अपेक्षित न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैडमिंटन कोर्ट का शेष फिनिशिंग कार्य अविलंब पूर्ण कर उसे शीघ्र ही खिलाड़ियों के उपयोग हेतु समर्पित किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिल सके।स्टेडियम परिसर में जगह-जगह गंदगी, कूड़ा-करकट एवं शौचालयों की बदहाल स्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीन दिनों के भीतर संपूर्ण परिसर की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा शौचालयों की स्थिति में सुधार करते हुए नियमित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि खेल परिसर में स्वच्छ वातावरण खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और बेहतर प्रदर्शन के लिए अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में अभ्यास करने आए खिलाड़ियों, व्यायाम एवं योग करने आए नागरिकों से जिलाधिकारी ने संवाद भी किया। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी आवश्यक सुविधाओं, अभ्यास व्यवस्था एवं अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्टेडियम में स्वच्छता, सुरक्षा और खेल सुविधाओं की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित उप क्रीड़ाधिकारी जे पी यादव को निर्देश दिया कि स्टेडियम की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण विकसित किया जाए।
